नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- बीमा क्षेत्र की कंपनी पॉलिसीबाजार ने दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है।

कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि इसके साथ ही वह स्वास्थ्य और सावधि बीमा के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए देश का अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू कर रही है। इसका उद्देश्य "देश की सबसे भरोसेमंद आवाज" के माध्यम से हर भारतीय तक आर्थिक सुरक्षा का संदेश पहुंचाना तथा हर परिवार को वित्तीय सुरक्षा और अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पीढ़ियों से भारतीय घरों में अमिताभ बच्चन का नाम आते ही भरोसा, जिम्मेदारी और अपनापन जुड़ जाता है। हर उम्र के लोगों के बीच उनकी मजबूत पहचान और विश्वसनीय छवि उन्हें परिवारों को स्वास्थ्य और सावधि बीमा की अहमियत समझाने और इसे अपनी प्राथमिकता बनाने के लिए प्रेरित करने वाला सबसे भरोसेमंद चेहरा बनाती है।

अभियान के तहत "परिवार सबसे पहले" के संदेश पर आधारित कुछ फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा जिनमें श्री बच्चन एक ऐसे जाने-पहचाने अभिभावक की भूमिका निभाते हैं जिन्हें हर भारतीय परिवार पहचानता है। वे अपनेपन, हल्के-फुल्के मजाक और कभी-कभी और प्यार भरी नाराजगी के साथ उन अपनों से सवाल करते नजर आते हैं, जो ऐसे फैसले टालते रहते हैं जिनसे उनका भविष्य सुरक्षित हो सकता है। ये फिल्में एक सीधी-सी बात समझाती हैं कि दुखद घटना सही समय का इंतजार नहीं करती। यह एकीकृत अभियान टेलीविजन, डिजिटल प्लेटफॉर्म, ओटीटी सेवा और सोशल मीडिया पर चलाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित