जयपुर , अप्रैल 16 -- उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने गुरुवार को जोधपुर मंडल के भीलड़ी-समदड़ी-लूणी-जोधपुर रेलखंड का निरीक्षण कर विभिन्न स्टेशनों तथा खंडों पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

श्री अमिताभ ने इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने भीलड़ी से जोधपुर तक विंडोट्रेलिंग निरीक्षण कर संरक्षा/सुरक्षा मापदंडों का निरीक्षण किया। उन्होंने ओढ़वा स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। स्थानीय ग्रामीणों ने इस अवसर पर रेल सुविधाओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।

धनेरा स्टेशन पर महाप्रबंधक ने नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन किया तथा स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, प्रतीक्षालय एवं निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका पारंपरिक स्वागत किया गया तथा रेल सेवाओं से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अधिकारियों के साथ परिसर में पौधारोपण भी किया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित मारवाड़ भीनमाल स्टेशन का निरीक्षण करते हुए श्री अमिताभ ने कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। स्टेशन परिसर में संरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से "संरक्षा संवाद" आयोजित किया गया, जिसमें रेलकर्मियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर रेल संचालन के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान रेलकर्मियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक आश्वासन भी दिया गया। साथ ही, नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन भी किया गया।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने भीनमाल-लेदरमेर सेक्शन में निर्माणाधीन ब्रिज संख्या 72 का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मोदरान स्टेशन पर नव निर्मित स्टेशन भवन का अवलोकन करते हुए उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्थानीय संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया तथा रेल मांगो से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित