धार , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर क्षेत्र में अमानक बीज बेचकर किसानों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रशासन की जांच के बाद हैदराबाद की बीज कंपनी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मनावर क्षेत्र के बोरुद, देवला, लंगूर, करोली, सिरसाला, बालीपुर, भरडपुर, जाटपुर, जोतपुर, अजन्दा, लिम्बी, अहमदपुर और पिपरीमान सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के किसानों ने नवंबर 2025 में संबंधित कंपनी से करेले के बीज और रोपे खरीदे थे। किसानों ने फसल की पूरी देखभाल की, लेकिन फलन के समय करेले छोटे और पीले होकर गिरने लगे, जिससे उत्पादन लगभग समाप्त हो गया और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

किसानों की शिकायत पर कृषि वैज्ञानिकों और उद्यान विभाग की संयुक्त टीम ने खेतों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि किसानों द्वारा फसल की देखभाल में कोई कमी नहीं थी, जबकि कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए बीज और रोपे अमानक थे।

जांच रिपोर्ट में कंपनी द्वारा प्रमाणित बताकर अमानक बीज बेचने और अवैध लाभ अर्जित करने की पुष्टि होने पर पुलिस ने कंपनी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई और कंपनी के लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित