रायपुर , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को कहा कि गरियाबंद जिले के अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा भगवान जगन्नाथ लोककल्याण और सबको साथ लेकर चलने का संदेश देते हैं।
अमलीपदर में आयोजित भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व को संबोधित करते हुए साय ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा उसकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि, जो जून तक निर्धारित थी, उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए तीन माह बढ़ाकर सितंबर तक कर दी गई है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।
श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह सीधे राशि अंतरित की जा रही है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांग पर बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राज्य में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता मिली है और छत्तीसगढ़ तेजी से नक्सल मुक्त राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनसे पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित