रायपुर , अप्रैल 20 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर के अमलीडीह फ्लाईओवर क्षेत्र में यातायात सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधायक मोतीलाल साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि फ्लाईओवर पर आवागमन के लिए तीन दिशाओं में सड़कें उपलब्ध हैं, लेकिन एक ओर भूमि संबंधी बाधाओं के कारण मार्ग का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि वर्तमान में संचालित मार्गों का शीघ्र उन्नयन किया जाए और शेष दिशा में सड़क निर्माण की समस्या का समाधान स्थानीय प्रशासन, नगर निगम एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित