गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न देने की मांगभारत रत्न मांगकानपुर , मई 30 -- कानपुर के स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रमेश अवस्थी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को पत्र लिखकर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के लिये केंद्र सरकार को राज्य सरकार की ओर से औपचारिक अनुशंसा भेजने का अनुरोध किया है।
श्री अवस्थी ने अपने पत्र में लिखा है, " विद्यार्थी जी ने कलम और कर्म दोनों ही मोर्चों पर राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा की। कानपुर की धरती से उठी स्वतंत्रता संग्राम की चेतना को उन्होंने अपने प्रसिद्ध समाचार पत्र 'प्रताप' के माध्यम से पूरे देश में प्रसारित किया।
गणेश शंकर विद्यार्थी ने न केवल स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक बल प्रदान किया, बल्कि भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक क्रांतिकारियों के मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत भी बने। सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की रक्षा करते हुए उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिसके कारण वे आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा पुंज बने हुए हैं।"सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार सदैव राष्ट्रनायकों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं क्रांतिकारियों के सम्मान और गौरव को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने आग्रह किया कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल के माध्यम से एक औपचारिक प्रस्ताव पारित कर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को मरणोपरांत भारत रत्न प्रदान किए जाने हेतु राज्य सरकार की ओर से माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्रालय को अनुशंसा भेजी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित