अमरोहा , मई 06 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित गैंगस्टर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि थाना डिडौली पुलिस द्वारा बीती रात सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी के दौरान यह कार्रवाई हुई। पुलिस टीम ने 20 अप्रैल को ग्राम तवई के जंगल में हुई गोकशी की घटना में वांछित चल रहे अभियुक्त हारुन, जो कि मुरादाबाद के थाना डिलारी अंतर्गत ग्राम ढकिया का निवासी है, को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें प्रभारी निरीक्षक डिडौली जितेंद्र बालियान के बाएं हाथ में गोली लग गई।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त हारुन के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, खोखा, जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। घायल प्रभारी निरीक्षक और अभियुक्त दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक अमरोहा द्वारा इस अभियुक्त की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित