अमरोहा , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में शराब और बीयर दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
आबकारी विभाग के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों से ओवररेटिंग की शिकायतें मिलने के बाद मंडी धनौरा स्थित एक देशी शराब दुकान पर गोपनीय जांच कराई गई, जिसमें अधिक मूल्य वसूली की पुष्टि हुई। इस पर संबंधित लाइसेंस धारक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में संचालित दुकानों पर निगरानी बढ़ाई गई है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली होने पर प्रमाण सहित शिकायत दर्ज कराएं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित