अमरोहा, मई 08 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में मंदिर की मूर्तियों को खंडित करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम करोन्दी स्थित शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर शेषनाग एवं भगवान कार्तिकेय की मूर्तियों को गांव के ही निवासी आकाश त्यागी ने खंडित कर दिया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में धुत था।

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान गांव के अनिल ने पुलिस को बताया कि आरोपी आकाश त्यागी अक्सर शराब पीकर गांव में घूमता रहता है और कई बार मंदिर में जाकर भजन आदि भी बजाता है। आरोपी के माता-पिता बृजघाट में रहते हैं, जबकि वह गांव में अकेला रहता है।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना नौगावां सादात पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित