अमरोहा , मई 09 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में शाहबाजपुर-श्यामपुर मार्ग पर अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी और शव को नहर पुल के नीचे फेंक दिया। शनिवार सुबह पुलिया के नीचे लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद मृतक की शिनाख्त नसीरपुर गांव निवासी पीतम सिंह के पुत्र दुष्यंत (35) के रूप में हुई।

घटनास्थल की स्थिति और पुलिया पर फैले खून के निशानों से अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्यारोपियों ने पहले पुलिया के ऊपर वारदात को अंजाम दिया और फिर शव को नीचे धकेल दिया। मृतक के सिर पर चोट के गंभीर निशान भी पाए गए हैं, जिसे लेकर पुलिस द्वारा बताया गया है कि प्रथम दृष्टया हत्या गोली मारकर या किसी धारदार हथियार से की गई प्रतीत होती है, हालांकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम से के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि घटना के अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जो आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही हैं ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित