अमरोहा, मई 08 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहे युवा मैकेनिक का शव संदिग्ध अवस्था में आटा चक्की पर पड़ा मिला। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव दढ़ियाल निवासी अवनेश (18) का शव आज सुबह उसके घर से महज 150 मीटर दूर स्थित खुद की आटा चक्की पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला है। पीड़ित परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर गला दबाकर हत्या करने जैसे गंभीर आरोप लगाये हैं। मृतक के पिता सियाराम के मुताबिक अवनेश रोज की तरह कल रात अपनी आटा चक्की और दुकान पर सोने के लिए घर से गया था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब उसके पिता सियाराम चक्की चलाने पहुंचे, तो उन्होंने अवनेश को चारपाई पर अचेत अवस्था में देखा। बार-बार आवाज लगाने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
अवनेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को पूरा करने के प्रति संकल्पित अपनी आटा चक्की चलाने के साथ-साथ मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम भी करता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित