अमरोहा, जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के ख़तरनाक 'एक्सीडेंटल ज़ोन' में शुमार होने वाले दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग -09 पर रविवार सुबह एक अनियंत्रित ऑल्टो कार सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। जिससे युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए।

गजरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत हवेली होटल के पास हुए इस हादसे में रेलिंग का लोहे का पाइप कार को चीरता हुआ चालक के बगल वाली सीट पर बैठे युवक के शरीर के आर-पार हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के तिलहा गांव निवासी शेषनाथ पिछले 25-30 वर्षों से दिल्ली में टैक्सी चलाते हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह अपने परिवार को ऑल्टो कार से लेकर गोंडा से दिल्ली जा रहे थे। कार में उनके साथ पत्नी रामा, बेटा सोनू (30), बहू प्रिया पांडे और पोते-पोतियां सवार थे। गजरौला क्षेत्र में अचानक कार अनियंत्रित होकर हाईवे की रेलिंग में जा घुसी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित