अमरोहा , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मंगलवार शाम करीब चार बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार यह हादसा गजरौला थाना क्षेत्र के बहरान तिराहे के पास हुआ। विपरीत दिशा से आ रही दोनों मोटरसाइकिलें अनियंत्रित हो गईं और उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। मृतकों की पहचान अमित (29) निवासी सराय बड़ा लाइन थाना नखासा जिला संभल, विपिन (29) निवासी पंजूससराय थाना नौगावां सादात तथा अक्षय (25) निवासी गांव बरखेड़ा थाना नौगावां सादात जिला अमरोहा के रूप में हुई है।

हादसे में घायल अभिषेक, निवासी पंजूससराय थाना नौगावां सादात, को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित