अमरोहा , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के दिन एक दलित युवा मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आदमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदराबाद के जंगल में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव आम के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान संभल जनपद के थाना नखासा क्षेत्र के ग्राम देहपा निवासी रामपाल जाटव के पुत्र गौरव जाटव (28) के रूप में की।
बताया गया है कि गौरव पिछले करीब एक माह से अपनी ससुराल आदमपुर में रहकर मजदूरी कर रहा था। वह बुधवार को काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने मेंथा के खेत में पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष कोमल तोमर पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई। परिजनों के अनुसार मृतक शराब का आदी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बताया कि मामले की जांच आत्महत्या सहित अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। क्षेत्राधिकारी हसनपुर ने भी शिनाख्त की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित