अमरोहा , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में आयुष्मान योजना में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड लंबे समय से लंबित होने का मामला सामने आया है। इस पर प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने जिले के विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश स्तर पर बेहतर रैंक हासिल करने पर सराहना की, वहीं आयुष्मान कार्ड से जुड़े मुद्दे को गंभीरता से लिया। उन्होंने योजना के दुरुपयोग पर सख्ती बरतने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अमरोहा ने सिंचाई विभाग की टेल फीडिंग (रबी) योजना में प्रदेश में प्रथम स्थान, उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी मिशन योजना में द्वितीय, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 में तृतीय, निराश्रित गौवंश संरक्षण योजना में चतुर्थ तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में पंचम स्थान प्राप्त किया है।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रथम स्थान हासिल करने वाले विभाग अपनी स्थिति बनाए रखें और अन्य विभाग बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास करें। उन्होंने तालाबों के जीर्णोद्धार (मिशन-500) के साथ वृक्षारोपण अनिवार्य करने तथा वृक्ष कटान पर सख्ती बरतने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 1,51,721 परिवारों के 6,77,288 लाभार्थियों में से 4,91,359 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। पत्रकारों के कार्ड लंबित होने पर मंत्री ने चिंता जताते हुए अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि, सहकारिता, खाद्य एवं रसद, उद्यान, पशुधन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने जल जीवन मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, पेंशन योजनाओं सहित अन्य कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान कृत्रिम अंग सहायक योजना के अंतर्गत 10 दिव्यांग बच्चों को स्मार्टफोन भी वितरित किए गए। अंत में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित