अमरोहा , अगस्त 13 -- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गुरुवार को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देती भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के नेतृत्व में बम्बूगढ़ से कलेक्ट्रेट तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने इसमें सहभागिता की। इसके अलावा ज्योतिबा फुले चौक से शहीद स्मारक तक ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और देशभक्ति गीतों के साथ एक अन्य विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में पूर्व राज्यसभा सांसद कान्ता कर्दम, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, धनौरा विधायक राजीव तरारा, पूर्व सांसद देवेन्द्र नागपाल, नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।

रैली के दौरान 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारों से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा। शहीद स्मारक पहुंचकर प्रतिभागियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने तिरंगे के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं तथा तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन कर राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और महत्व की जानकारी प्राप्त की।

पूर्व राज्यसभा सांसद कान्ता कर्दम ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए देशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक राजीव तरारा ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान राष्ट्रभक्ति का महापर्व है और सभी नागरिकों को ध्वज संहिता का पालन करते हुए अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराना चाहिए।

पूर्व सांसद देवेन्द्र नागपाल ने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के लोग राष्ट्रधर्म के इस पर्व से जुड़ रहे हैं। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों से इसे जन-जन का उत्सव बनाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित