अमरोहा , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तीन दिनों से धातु के लोटे में सिर फंसे एक बंदर के बच्चे को वन विभाग की टीम ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल रेस्क्यू कर लिया। इस सफल ऑपरेशन के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और वनकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। मंडी धनौरा क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले में बीते तीन दिनों से बंदर का किशोर बच्चा धातु के लोटे में सिर फंस जाने के कारण बेहद परेशान था। भीषण गर्मी और लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच वह न तो भोजन कर पा रहा था और न ही पानी पी पा रहा था। इस दौरान वह कई बार छतों से गिरने से भी बाल-बाल बचा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई थी।
रेस्क्यू अभियान वन विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ, क्योंकि बंदरों का आक्रामक झुंड घायल बच्चे के चारों ओर घेरा बनाए हुए था और किसी को पास नहीं आने दे रहा था। विशेषज्ञ टीम उपलब्ध न होने के बावजूद स्थानीय वनकर्मियों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए खुद ही अभियान की कमान संभाली।
संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) राजीव कुमार ने बताया कि टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आक्रामक बंदरों के बीच से बच्चे को सुरक्षित पकड़ा और सावधानीपूर्वक उसके सिर से लोटा निकाल दिया। मुक्त होते ही बंदर का बच्चा सुरक्षित स्थान की ओर चला गया।
डीएफओ ने कहा कि इस जोखिम भरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने भी वन विभाग के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो बंदर के बच्चे की जान जा सकती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित