अमरोहा , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 बैच के प्रशिक्षुओं का भव्य दीक्षांत परेड समारोह रविवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक नोएडा अजय कुमार ने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया और उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुशासन व दक्षता की सराहना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी अमरोहा नितिन गौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि यह परेड प्रशिक्षण की समाप्ति नहीं, बल्कि जनसेवा और कानून व्यवस्था के प्रति नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने नवप्रशिक्षित आरक्षियों से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक अमरोहा लखन सिंह यादव ने सभी प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि इन ऊर्जावान कर्मियों के पुलिस बल में शामिल होने से व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने सभी को टीमवर्क और निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

समारोह के दौरान विभिन्न परीक्षाओं और ड्रिल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत भी किया गया। अंतः विषयों में उज्जवल देशवाल और बाह्य विषयों में अंकित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उज्जवल देशवाल को सर्वांगीण उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वोत्तम रिक्रूट चुना गया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न वर्गों में नितिन कुमार, शिवम सैनी, कमल चौधरी, मोहम्मद इरशाद, रवि कुमार, विशाल कुमार, छविकांत, विनीत, सक्षम गिरी, वंश कुमार यादव, रोहित कुमार तथा सिद्धार्थ चौधरी ने सर्वोच्च अंक प्राप्त किए। परेड कमांडर के रूप में अंकित कुमार, उज्जवल देशवाल और विशाल पंवार को सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित