अमरोहा , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में गैस की किल्लत, गैस एजेंसियों पर लंबी लंबी कतारें लगी हुई हैं। गैस एजेंसियों ने बुकिंग नंबर बंद कर दिये। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से जारी किया गया जिला आपूर्ति अधिकारी का 05922-297122 नंबर अमान्य है।

अमरोहा में कुकिंग गैस की कमी के चलते अब लोग लकड़ी और चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर रहे हैं । इस संबंध में मंडी धनौरा की गृहणी कमलेश सैनी का कहना है कि जब एजेंसियों पर गैस सिलेंडर नहीं रहे तो ऐसे में फिर से लकड़ी और चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।

अमेरिका-ईरान में चल रहे युद्ध का असर अब भारत पर साफ़ नज़र आने लगा है । एलपीजी सिलेंडर की मारा मारी, लंबी लाइन, कई दिनों की वेटिंग से लोग बेहद परेशान हो रहे हैं ।

पश्चिम एशिया में अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच छिड़े संघर्ष का असर अब भारत की ऊर्जा आपूर्ति पर साफ़ दिख रहे हैं, खासकर रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता पर। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी से लोग परेशान हैं, कई जगह लंबी कतारें लग रही हैं और गैस सिलेंडर की आपूर्ति में किल्लत के चलते कुछ परिवार लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं। शादी-ब्याह के सीजन में यह समस्या और गंभीर हो गई है, जहां डिमांड बढ़ने पर कालाबाजारी की मनमानी के आरोपों के चलते स्थिति बिगड़ रही है।

यह संकट मुख्य रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के माध्यम से होने वाली एलपीजी आयात पर निर्भरता के कारण है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी आयातक है, जहां लगभग 85-90 प्रतिशत आयात पश्चिम एशिया (सऊदी अरब, कतर, यूएई आदि) से होता है। संघर्ष के चलते शिपिंग रूट्स बाधित होने, जहाजों के फंसने और बीमा-फ्रेट लागत बढ़ने से सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। कई रिपोर्ट्स के अनुसार, घरेलू एलपीजी आपूर्ति में 40 प्रतिशत तक कमी आई है, जबकि वाणिज्यिक सिलेंडर की डिलीवरी कई जगह ठप हो गई है।

इसके अलावा, 7 मार्च 2026 से घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जो दिल्ली में अब 913 रुपये पहुंच गई है। कमर्शियल सिलेंडर में Rs.115 की वृद्धि से होटल-रेस्तरां प्रभावित हैं। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा, गजरौला, हसनपुर जैसे इलाकों में एजेंसियों के बुकिंग नंबर या तो एजेंसियों द्वारा बंद कर दिए गए हैं क्योंकि अधिकांश बुकिंग यह दावा करते हुए बंद कर दी गई हैं कि "ऊपर से गैस आएगी तभी सप्लाई संभव हो पाएगी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, आपूर्ति सामान्य है। जमाखोरी, कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और आपूर्ति विभाग को मॉनिटरिंग तेज करने, गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने और सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा गया है।

अमरोहा जिला प्रशासन ने भी अपील की है कि लोग पैनिक न करें, जरूरत अनुसार इस्तेमाल करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। घरेलू सिलेंडर की बुकिंग अंतराल को 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है ताकि अनावश्यक डिमांड कंट्रोल हो। अस्पतालों, स्कूलों में कमर्शियल सप्लाई जारी है, लेकिन होटलों-ढाबों पर नई डिलीवरी रोक दी गई है वे स्टॉक से काम चला रहे हैं।

केंद्र सरकार ने आपातकाली शक्ति का इस्तेमाल कर तेल कंपनियों को घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के आदेश दिए हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि कमर्शियल सेक्टर में कटौती हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित