अमरोहा , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गंगा नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबने से मृत्यु हो गई। मुरादाबाद से बुलाई गई राहत टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शव बरामद किए गए।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि घटना थाना रहरा क्षेत्र के ग्राम पौरारा स्थित गंगा घाट की है, जहां नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। मृतकों की पहचान किसान विजय सिंह गुर्जर के 25 वर्षीय पुत्र अतुल गुर्जर तथा शिशुपाल सिंह गुर्जर के 24 वर्षीय पुत्र सोहित गुर्जर, निवासी ग्राम फूलपुर मजरा गंगेश्वरी, थाना रहरा, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए अमरोहा मोर्चरी भेज दिए गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों युवकों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि नदी तटों पर डूबने की घटनाओं की रोकथाम के लिए चेतावनी पट्टिकाएं लगाने, गश्त बढ़ाने और सुरक्षा उपायों के निर्देश पहले से जारी हैं। स्थानीय लोगों ने घाटों पर बैरिकेडिंग, जीवनरक्षक उपकरण और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित