अमरोहा , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक कुत्ते को रस्सी से ट्रैक्टर के पीछे बांधकर घसीटने और उसके साथ क्रूरता किए जाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना सामने आने के बाद सैदनगली थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 3/11 और अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सूत्रों के अनुसार, सैदनगली कस्बे के शनिदेव मोहल्ला निवासी आर्यन गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने कुत्ते को रस्सी से ट्रैक्टर के पीछे बांधकर घसीटा और उसके साथ क्रूरता की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान नितिन सिंह निवासी बस्ती, कस्बा उझारी, थाना सैदनगली, अमरोहा के रूप में हुई। पुलिस ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर पशुप्रेमियों और स्थानीय लोगों में रोष है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित