अमरोहा , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में किसान की 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि रहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत फरोटा के मजरा झिझारपुर में हाईटेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी के कारण किसान की करीब 10 बीघा कटी हुई गेहूं की फसल जल गई। गांव निवासी जोगेश शर्मा ने अपनी गेहूं की फसल काटकर खेत में एकत्र कर रखी थी। बताया जा रहा है कि खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के पोल पर लगा जंपर फ्यूज होकर नीचे गिर गया, जिससे निकली चिंगारी ने सूखी फसल को आग पकड़वा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना पर किसान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से मिट्टी व पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका और पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि घटना का मुख्य कारण जर्जर हाईटेंशन लाइन है, जिससे आए दिन खतरा बना रहता है। मामले की सूचना संबंधित लेखपाल को दे दी गई है।
लेखपाल ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है तथा किसान को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर लाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित