अमरोहा , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को रहरा बाईपास के पास संचालित एक पनीर भंडार पर छापा मारकर करीब 199 किलोग्राम तैयार पनीर और 1,250 लीटर संदिग्ध दूध जैसा मिश्रण जब्त किया।
प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य पंजीकरण के संचालित हो रहा था। विभाग ने करीब 56 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त करने के साथ ही शेष अस्वच्छ सामग्री मौके पर ही नष्ट करा दी। संचालक को नोटिस जारी कर वैध पंजीकरण प्राप्त होने तक कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह के नेतृत्व में टीम ने गुप्त शिकायत के आधार पर रहरा बाईपास के पास गली में स्थित इलियास पनीर भंडार पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान नीले ड्रमों में संदिग्ध मिश्रण रखा मिला। अधिकारियों के अनुसार, पनीर तैयार करने में डालडा और मिल्क पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके से पनीर का नमूना लेकर सील किया और जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद ही पनीर में मिलावट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खाद्य कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री में निर्धारित मानकों तथा स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित