अमरोहा , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन-2' अभियान के तहत अब तक 379 वाहनों की नीलामी कर 55,73,384 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 17 फरवरी को थाना अमरोहा देहात में 13 सीज वाहनों की नीलामी की गई, जिससे मालिकाना हक और जीएसटी सहित 1,75,000 रुपये की आय हुई। यह राशि राजकीय कोषागार में जमा की जाएगी। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के निर्देशन में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य थाना परिसरों में लंबे समय से खड़े लावारिस, माल-मुकदमाती तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त वाहनों का समयबद्ध निस्तारण करना है। इन वाहनों के कारण थाना परिसरों में जगह की कमी, कार्य में बाधा, वाहनों का क्षरण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम उत्पन्न हो रहे थे।
यह कार्रवाई उच्चतम न्यायालय के 'सुंदर भाई अंबालाल देसाई बनाम गुजरात राज्य' (एसएलपी क्रिमिनल 2745/2002) मामले में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। सभी थानों को चरणबद्ध लक्ष्य निर्धारित कर सक्षम न्यायालय से अनुमति लेकर नीलामी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत प्रमुख नीलामियों में थाना अमरोहा नगर से 53 वाहन, थाना रजबपुर से 31 माल-मुकदमाती वाहन, थाना डिडौली से 30 वाहन (13.10 लाख रुपये राजस्व), तथा थाना गजरौला से 22 लावारिस वाहन (3.81 लाख रुपये राजस्व) शामिल हैं। इसके अलावा सैदनगली, आदमपुर, हसनपुर, मंडी धनौरा, बछरायूं और रहरा थानों से भी विभिन्न प्रकार के दोपहिया, चारपहिया, ई-रिक्शा, ट्रैक्टर और टेम्पो की नीलामी की गई।
पुलिस के अनुसार इस अभियान से थाना परिसरों में पर्याप्त स्थान खाली हुआ है, न्यायिक प्रक्रिया सुगम हुई है और सरकारी राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जनपद के सभी थानों में इस प्रकार की निस्तारण प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित