भरतपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान में किसान पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने केंद्र सरकार द्वारा अमरीका के साथ किये गए व्यापार समझौते को किसान मजदूर और छोटे व्यापारियों को बर्बाद करने वाला बताते हुए कहा कि यह समझौता केंद्र सरकार ने अमरीका के दबाव में किया है। श्री जाट ने बुधवार को भरतपुर के हलैना कस्बे में आयोजित किसान सम्मेलन में कहा कि केन्द्र सरकार अमरीका के दबाब में अपने उद्योगपति साथियों को बचाने के लिये भारत की खेती किसानी को बर्बाद करना चाहती है।

सम्मेलन में हरियाणा की धनकड़ खाप पंचायत के प्रधान डा० ओमप्रकाश धनकड़ ने केन्द्र सरकार की विदेश नीति को विफल बताते कहा कि देश में नफरत पैदा करने के साथ सरकार के सभी पड़ौसी मुल्कों से रिश्ते खराब हैं।

पूर्व सांसद पंड़ित रामकिशन ने सम्मेलन में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को केन्द्र सरकार के इशारों पर काम करने वाली सरकार बताते कहा कि मुख्यमंत्री को अपने सम्बन्धों के हिसाब से पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को शीघ्र राष्ट्रीय परियोजना घोषित कराना चाहिये।

सम्मेलन को किसान नेता और किसान सम्मेलन के आयोजक इन्दल सिंह जाट, डीग के किसान नेता मोहन सिंह गुर्जर, अलवर के वीरेन्द्र मोर, राजाराम भूतौली सहित कई किसान नेताओं ने संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित