अमरावती , अप्रैल 16 -- महाराष्ट्र के अमरावती-परतवाड़ा इलाके में 180 से अधिक नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और उन्हें ब्लैकमेल करने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मुख्य आरोपी अयान अहमद को हिरासत में ले लिया गया है।
प्रहार जनशक्ति पार्टी (पीजेपा) के नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री बच्चू कडू ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि वह अगले 15 दिनों के भीतर कड़ी कार्रवाई करे। उन्होंने आगाह किया कि ऐसा न करने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
श्री कडू ने ऐसे जघन्य अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द और कड़ी से कड़ी सजा देने की बात कही है। उन्होंने इस मामले में शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो बड़े पैमाने पर विरोध- प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया है और नागरिक पीड़ितों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।
जांच के अनुसार उजेर खान इकबाल खान ने मुख्य आरोपी अयान अहमद के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वह फिलहाल पुलिस हिरासत में है और अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कुछ अहम सुराग सामने आएंगे।
मुख्य आरोपी अयान अहमद को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था और उस पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अदालत ने उसे 21 अप्रैल, 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित