यमुनानगर , सितंबर 10 -- हरियाणा के यमुनानगर जिले की यमुनानगर-जगधरी नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी ने गुरुवार को वार्ड नंबर 20 स्थित अमरपुरी कॉलोनी का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उनके साथ पार्षद विक्रम राणा, नगर निगम और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कॉलोनीवासियों ने मेयर के समक्ष पानी निकासी, सफाई, सीवरेज, गलियों एवं नालियों के निर्माण तथा स्टॉर्म वाटर लाइन से जुड़ी समस्याएं रखीं। लोगों ने कॉलोनी को नियमित कराने की मांग भी प्रमुखता से उठायी।
श्रीमती बहमनी ने कहा कि अमरपुरी सहित विभिन्न अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित कराने के लिए भरसक प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के नियमित होते ही विकास के द्वार खुलेंगे और यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अमरपुरी अभी अनधिकृत कॉलोनी है, इसलिए यहां नियमित कॉलोनियों की तरह विकास कार्य नहीं कराये जा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित