भोपाल , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उज्जैन संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार तथा सभी प्रभावितों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार बालटाल से श्रीनगर के बीच श्रद्धालुओं से भरी बस लगभग 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में मध्यप्रदेश और राजस्थान के 40 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों का उपचार श्रीनगर में किया जा रहा है।

इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने दुर्घटना में श्रद्धालुओं के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित