जम्मू , जुलाई 12 -- जम्मू कश्मीर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 9,000 से अधिक श्रद्धालुओं का नया जत्था रविवार तड़के जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से कश्मीर के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 9,153 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से 359 वाहनों के काफिले में रवाना हुए। इस जत्थे में बालटाल के लिए 3,429 और पहलगाम के लिए 5,724 तीर्थयात्री शामिल थे। जो कई स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नागरिक प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने मिलकर इंतज़ाम किए है।

गौरतलब है कि यात्रा शुरू होने के बाद से पिछले आठ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से लगभग 2.50 लाख तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किये हैं।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल पुष्ट पंजीकरण और यात्रा के लिए निर्धारित तिथि पर ही श्री अमरनाथ यात्रा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण वाले किसी भी श्रद्धालु को आधार शिविरों की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने गत दो जुलाई को जम्मू से श्री अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित