रायपुर , अगस्त 10 -- सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर अमरकंटक स्थित मां नर्मदा के उद्गम स्थल से छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले की पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में 500 से अधिक कांवड़ियों ने 151 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू की। कांवड़िए अमरकंटक से नर्मदा जल लेकर जलेश्वर महादेव डोंगारिया और ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
यात्रा की शुरुआत से पहले अमरकंटक में मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद विधायक भावना बोहरा ने कांवड़ में नर्मदा जल धारण कर पदयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, पत्थलगांव विधायक गोमती साय और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं और समर्थकों की भी बड़ी भागीदारी रही। अमरकंटक में 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष के बीच पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर नजर आया।
यात्रा के दौरान कांवड़िए करीब 151 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे। निर्धारित पड़ावों से होते हुए यात्रा भोरमदेव और जलेश्वर महादेव डोंगारिया पहुंचेगी, जहां मां नर्मदा के जल से भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा। विधायक भावना बोहरा लगातार दूसरे वर्ष इस कांवड़ यात्रा में शामिल हो रही हैं।
विधायक भावना बोहरा ने कहा, "मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ के धाम तक पैदल पहुंचना उनके लिए केवल यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और संकल्प का विषय है।" उन्होंने बताया कि यात्रा के माध्यम से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित