जयपुर , मार्च 22 -- राजस्थान में श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर के अंतर्गत राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान दुर्गापुरा, जयपुर में उद्यान विभाग के स्नातकोत्तर छात्र अमन कुमार मीना ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा आयोजित अनुभागीय अधिकारी (बागवानी) की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
संस्थान के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अमन कुमार मीना ने इस परीक्षा में अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं सामान्य वर्ग की मेरिट में उन्होंने देशभर में 42वां स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। साथ ही यह विश्वविद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मार्गदर्शन एवं अनुसंधान वातावरण को भी दर्शाती है।
वर्तमान में अमन कुमार मीना, संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. उदल सिंह एवं डॉ. महेंद्र मीना के निर्देशन में अपना शोध कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं मार्गदर्शकों को दिया है, जिनके सहयोग और प्रेरणा से वे इस मुकाम तक पहुंच सके।
अमन ने बताया कि उनके पिता लक्ष्मण प्रसाद मीणा दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जिन्होंने हमेशा उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। पारिवारिक सहयोग और सकारात्मक वातावरण ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु, निदेशक रारी , वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों ने अमन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित