नयी दिल्ली , जून 24 -- पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को अमटा बम धमाके के मामले में तलाशी के बाद दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

यह गिरफ्तारी 2022 में हुए एक बम धमाके के सिलसिले में की गयी है, जिसमें विस्फोटक बनाने में शामिल एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी और तीन अन्य घायल हो गये थे।

एजेंसी ने हावड़ा जिले के अमटा इलाके के रहने वाले असफर मिड्ड्या और एंताजुल मिड्ड्या को मंगलवार रात गिरफ्तार किया। एजेंसी ने आरोपियों से जुड़े तीन संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली थी। इन दोनों की पहचान मुख्य आरोपियों के तौर पर की गयी है। आरोप है कि इन्होंने 23 फरवरी 2022 को अमटा पुलिस स्टेशन इलाके में चंद्रपुर बाजार के पास देसी बम बनाने का काम करवाया था। इस दौरान कुछ बमों में धमाका हो गया था, जिससे जहधर मोल्ला, मोहब्बत मोल्ला, मोइनुर रहमान और एसके महरम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से एसके महरम की बाद में चोटों के कारण मौत हो गयी थी।

अप्रैल 2024 में स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने वाली एनआईए ने पाया कि असफर और एंताजुल कथित तौर पर बम बनाने के काम को नियंत्रित कर रहे थे। इन बमों का मकसद इलाके के लोगों को डराना और उनमें दहशत फैलाना था। इस मामले में पहले भी चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था और उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। जांच अभी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित