वाराणसी , अक्टूबर 29 -- समाजवादी पार्टी (सपा) ने वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सीट पर भी जीत दर्ज की है। स्नातक सीट पर जीत हासिल करने के बाद सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने इसका श्रेय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव नहीं, बल्कि एक चुनौती थी। उन्होंने दावा किया कि उन्हे 18 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल हुई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को पराजित करने के बाद आशुतोष सिन्हा ने कहा, "अभी तो यह झांकी है, यूपी में सरकार बनना बाकी है।" उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में पीडीए की सरकार बनाने की बारी है।

सिन्हा ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के प्रत्येक नेता, कार्यकर्ता, साथी और शुभचिंतक की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सामान्य कार्यकर्ता की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात मेहनत की।

उन्होंने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लगातार तीन दिनों तक सुबह से देर रात तक सड़कों पर रहकर निगरानी की, ताकि चुनाव और मतगणना में किसी तरह की बेईमानी या गड़बड़ी न हो सके। सिन्हा ने इस दौरान सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित