कोलकाता , मई 30 -- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शनिवार को अपने राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह राज्य की कानून-व्यवस्था में आई भारी गिरावट का सबूत है।
टीएमसी के सोशल मीडिया पार्टी पर जारी एक पोस्ट में कहा गया, "हमारे राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर आज हुआ हमला इस बात का एक और प्रमाण है कि इस बेशर्म शासन के तहत कितनी तेजी से कानून-व्यवस्था बिगड़ी है।" पार्टी ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, "अगर विपक्ष के एक मौजूदा सांसद को दिन-दिहाड़े निशाना बनाया जा सकता है, तो आम नागरिकों के लिए क्या उम्मीद बची है।"तृणमूल कांग्रेस ने आगे लिखा कि क्या लोकतंत्र को लेकर भाजपा का यही विचार है? क्या यह वही सुशासन है जिसके बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी शेखी बघारना बंद नहीं करते। तृणमूल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कि हिंसा, डराना-धमकाना और राजनीतिक गुंडागर्दी अब भाजपा के शासन की पहचान बन चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित