नयी दिल्ली , जुलाई 26 -- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने रविवार को मिलेनियल्स और जेनरेशन जेड से उन मशहूर हस्तियों के बारे में फिर से सोचने का आग्रह किया जिन्हें वे पसंद एवं समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि जो सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर, खिलाड़ी और फिल्मी कलाकार छात्रों के चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के दौरान चुप रहे,वे देश के युवाओं के साथ मुश्किल समय में खड़े होने में नाकाम रहे हैं।
अपने व्हाट्सएप चैनल पर पोस्ट किए गए एक मैसेज में श्री बनर्जी ने कहा कि हाल की घटनाओं ने दिखाया है कि युवा लोग कितने पक्के इरादे के साथ राजनीतिक नतीजों को बदल सकते हैं। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि लोकतंत्र की असली ताकत उसके नागरिकों की शक्ति में ही निहित है।
उन्होंने लिखा, "मिलेनियल्स और जेन जेड से मेरी विनम्र अपील है कि हमने देखा है कि युवाओं की एक दृढ़-संकल्पित पीढ़ी किस तरह सबसे शक्तिशाली सरकारों को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर सकती है। यह इस बात की याद दिलाता है कि किसी भी लोकतंत्र की असली ताकत उसके लोगों की शक्ति में ही निहित होती है।" तृणमूल कांग्रेस नेता ने छात्रों के आंदोलन के दौरान जानी-मानी सार्वजनिक हस्तियों की चुप्पी की आलोचना की और कहा कि हालात की गंभीरता के बावजूद कई लोगों ने कुछ न बोलने का फ़ैसला किया।
श्री बनर्जी ने कहा, "कई मशहूर हस्तियों, इन्फ्लुएंसर्स, खेल आइकॉन और फ़िल्मी कलाकारों ने देश के युवाओं और छात्रों का साथ देने के बजाय चुप रहना ही बेहतर समझा। चाहे डर हो, सावधानी हो या अपना फ़ायदा, उनकी चुप्पी ने बहुत कुछ कह दिया।"उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस बात पर विचार करें कि जिन हस्तियों का वे समर्थन करते हैं क्या वे सचमुच उन मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनमें वे विश्वास करते हैं।श्री बनर्जी ने कहा कि लोगों का ध्यान एवं आर्थिक मदद वास्तव में समर्थन के बराबर है और यह उन्हीं लोगों के लिए होना चाहिए जो मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़े रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित