पटना , मई 22 -- बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के सभी 38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों और 46 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में वर्ष में दो बार अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीएफएम) का आयोजन किया जा रहा है। ये बैठकें अप्रैल और नवंबर माह में होती हैं। इस तरह की बैठकों का उद्देश्य अभिभावकों, शिक्षकों और संस्थानों के बीच संवाद को मजबूत बनाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास को सुनिश्चित करना है।

इन बैठकों के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, अनुशासन और समग्र प्रदर्शन की जानकारी प्राप्त होती है। साथ ही शिक्षक एवं अभिभावक विद्यार्थियों से जुड़ी शैक्षणिक, व्यवहारिक और व्यक्तिगत चुनौतियों पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए संयुक्त रूप से कार्य करते हैं। इससे समस्याओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित