चेन्नई , जनवरी 25 -- अभिनेता से नेता बने और तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) के संस्थापक विजय ने रविवार को अपनी हिट फिल्म 'बिगिल' की मशहूर पंचलाइन 'कप मुक्कियम बिगिलु' (कप जरूरी है बिगिलु) के साथ तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में जीत जरूरी है।
उन्होंने चेन्नई से लगभग 55 किमी दूर मामल्लापुरम के टूरिस्ट रिसॉर्ट के एक प्राइवेट होटल में पार्टी की उच्चस्तरीय प्रशासनिक समिति की बैठक को संबोधित करते हुए चुनावों को एक लोकतांत्रिक युद्ध बताया। श्री विजय ने सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और विपक्षी अन्नाद्रमुक दोनों पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी भी दबाव से नहीं झुकेगी लेकिन राज्य के लोग कुशासन के कारण बहुत अधिक दबाव में हैं।
उनके अनुसार अन्नाद्रमुक और द्रमुक दोनों सीधे और परोक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गुलाम हैं। अन्नाद्रमुक एक चुनावी गठबंधन के साथ खुले तौर पर गुलाम बन गई है, दूसरी ओर द्रमुक परोक्ष रूप से गुलाम बनी हुई है।
श्री विजय ने गठबंधन को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों को खत्म करते हुए जोर देकर कहा कि उनकी नई पार्टी आने वाले चुनावों में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने किसी भी बड़ी पार्टी के साथ गठबंधन से इनकार करते हुए घोषणा की कि वह किसी भी राजनीतिक या संस्थागत दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। श्री विजय ने चुनावी गठबंधन के मुद्दे पर कहा कि इस पर बहुत अटकलें हैं और टीवीके बिना किसी गठबंधन के चुनाव जीत सकती है क्योंकि पार्टी के पास महिलाओं की एक बड़ी सेना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित