चंडीगढ़ , मार्च 17 -- पंजाबी फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता और गायक गिप्पी ग्रेवाल को कथित तौर पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भरी कॉल मिलने का मामला सामने आया है। इस कॉल का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे फिल्म जगत और प्रशंसक के बीच चिंता का माहौल है।
वायरल ऑडियो में कॉल करने वाले व्यक्ति खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए कहता है कि उसने कुछ दिन पहले भी गिप्पी ग्रेवाल को मैसेज भेजा था लेकिन उसका कोई जवाब नहीं मिला। उसने यह भी दावा किया कि उसने "पाने एले" को भी मैसेज किया है और दोनों से उसे बात करनी है।
कॉल में आगे धमकी देते हुए कहा गया कि मैसेज को इग्नोर किया जा सकता है लेकिन "गोलियों के बर्स्ट" को इग्नोर नहीं किया जा सकेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि अगर बात नहीं हुई तो मोहाली में फिल्म बनानी पड़ सकती है जिससे स्थिति गंभीर होने के संकेत मिलते हैं।
इस मामले पर पुलिस का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। पुलिस उपाधीक्षक शहर-2 हरसिमरन सिंह बल के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद ही मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सोशल मीडिया पर इसके वायरल होने से अभिनेता एवं गायक ग्रेवाल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित