गोपालगंज,13अगस्त(वार्ता) स्वतंत्रता दिवस के 80 वर्ष पूर्ण होने एवं राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), गोपालगंज इकाई ने आज शहर में 1000 फीट लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का शुभारंभ कमला राय महाविद्यालय परिसर से हुआ। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा घोष मोड़, अंबेडकर चौक, जंगलिया मोड़, पोस्ट ऑफिस चौक, मोनिया चौक एवं पुरानी चौक होते हुए पुनः कमला राय महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा शहर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से गूंजता रहा। विद्यार्थियों एवं युवाओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

नगर मंत्री सूरज कुमार चंदन ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। स्वतंत्रता के अमृत भाव को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की गई।

राष्ट्रीय छात्र शक्ति पत्रिका के प्रांत संयोजक अनीश कुमार* ने कहा कि राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का अवसर है। युवाओं की सक्रिय सहभागिता यह संदेश देती है कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिला संयोजक हरिओम राय ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम सेराष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी विद्यार्थियों, युवाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

भव्य तिरंगा यात्रा में अभाविप के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं के साथ डीएवी एवं वीएम इंटर स्कूल के एनसीसी कैडेट, सेना भर्ती प्रशिक्षण केंद्र के अभ्यर्थी, द फिजिकल एकेडमी गोपालगंज के अभ्यर्थी तथा कमला राय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित