, March 30 -- पटना, 30 मार्च वार्ता) पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने सोमवार को अदालत परिसर में मौजूद स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार पटल का उद्घाटन किया।

इस स्टेट डिस्पेंसरी की विस्तारित सुविधाओं की शुरुआत होने से यहां कार्यरत न्यायधीशों से लेकर अधिवक्ताओं समेत सभी स्तर के कर्मियों को काफी सुविधा होगी, खासतौर से किसी आपात स्थिति में यह अस्पताल चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराने में सक्षम होगा। यह पहल न्यायिक तंत्र से जुड़े सभी व्यक्तियों के स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्य न्यायाधीश ने उद्घाटन के बाद नव-विकसित चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुधीर सिंह, न्यायामूर्ति राजीव रंजन प्रसाद, न्यायमूर्ति मोहित कुमार साह समेत अन्य न्यायाधीश मौजूद थे। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह के अलावा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता, कर्मी समेत अन्य भी मौजूद थे।

मुख्य न्यायाधीश ने नवनिर्मित विस्तार पटल में लगाए गए एक्स-रे केंद्र, फिजियोथेरेपी केंद्र, दवा वितरण केंद्र और डिस्पेंसरी का मुआयना किया। इस नए विस्तारित भवन में चिकित्सा पदाधिकारी या डॉक्टर के अलावा विशेषज्ञ डॉक्टर रोस्टर के आधार पर मरीजों का इलाज करेंगे। यहां एक क्यूआर स्कैनर भी लगाया गया है, जिस पर कोई व्यक्ति स्कैन करके डॉक्टर के उपलब्ध रहने का समय के साथ ही किस दिन कौन से डॉक्टर देखेंगे, इसकी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित