वाराणसी , सितंबर 25 -- काशी को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ने इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) के सुरक्षित निस्तारण के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत नगर निगम ने 'एडमायबिन' को ई-वेस्ट संग्रह के लिए अधिकृत किया है। इस पहल का उद्देश्य पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में मिलने से रोकना तथा उनका पर्यावरण-अनुकूल तरीके से पुनर्चक्रण सुनिश्चित करना है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अब शहर में घर-घर जाकर ई-वेस्ट का संग्रह किया जाएगा। ई-वेस्ट संग्रह के दौरान संबंधित नागरिक या संस्थान को उसके बदले उचित मूल्य भी दिया जाएगा। आम जनता को ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता सत्र और संग्रह अभियान भी चलाए जाएंगे। यह सुविधा केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, विभिन्न संस्थानों, उद्योगों और बल्क वेस्ट जनरेटरों से भी पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का संग्रह किया जाएगा।
नगर निगम ने काशीवासियों से अपील की है कि वे पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ न मिलाएं और उन्हें अलग रखकर अधिकृत संस्था को ही सौंपें। ई-वेस्ट पिकअप के लिए नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं अथवा हेल्पलाइन नंबर 8335955000 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभियान के तहत कंप्यूटर, लैपटॉप, मॉनिटर, मोबाइल फोन, टैबलेट, प्रिंटर, स्कैनर, रेफ्रिजरेटर, फ्रीजर, वॉशिंग मशीन, ड्रायर, एयर कंडीशनर, गीजर, माइक्रोवेव ओवन, किचन उपकरण, बैटरी, सेल, चार्जर, केबल, नेटवर्किंग उपकरण, राउटर, स्विच, स्टेबलाइजर, इनवर्टर, यूपीएस, सर्किट बोर्ड (पीसीबी), होम थिएटर, ऑडियो सिस्टम और टेलीविजन (एलईडी, एलसीडी एवं सीआरटी) सहित विभिन्न प्रकार के ई-वेस्ट का संग्रह किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित