पटना , अगस्त 14 -- िहार के ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए गांव और पंचायत स्तर तक खेल का माहौल बनाने की कवायद तेज हो गई है। खेल विभाग की ओर से राज्य के नगर और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में खेल क्लब गठित करने की कवायद जारी है। यह प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। खेल क्लब के गठन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक निर्धारित की गई है।
खेल विभाग ने पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियों को संस्थागत स्वरूप देने और ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों एवं युवाओं को नियमित रूप से खेल से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की है। इसके तहत एक जुलाई 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
खेल विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य में खेल के आधारभूत ढांचे को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा विभिन्न खेलों में प्रतिभा रखते हैं, स्थानीय स्तर पर नियमित अभ्यास, खेल गतिविधियों और उचित मंच की कमी के कारण कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं।
पंचायत स्तर पर खेल क्लबों के गठन से खिलाड़ियों को अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में ही खेल गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करने और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। खेल विभाग की योजना केवल प्रतियोगिताओं के आयोजन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति विकसित करने के साथ ही बच्चों एवं युवाओं को मैदान से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। गांवों में नियमित खेल गतिविधियां होने से बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी। पंचायत स्तर पर तैयार होने वाला यह खेल नेटवर्क आगे चलकर प्रखंड, जिला और राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं की पहचान का आधार भी बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित