अजमेर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीयाकुमारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से कहा है कि डबल इंजन की सरकार के बाद अब गांवों में भी भाजपा की सरकार बननी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अजमेर-जयपुर के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
श्रीमती दीया कुमारी ने बुधवार को राजस्थान में अजमेर जिले के अरांई में भाजपा अरांई एवं बोराडा मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्रत्येक ग्राम पंचायत के विकास पर पांच करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। किसानों के लिए 'किसान सेवा केंद्र' और अनाज गोदाम स्थापित किए जाएंगे। साथ ही सिंचाई के लिए दिन में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करवाने और बूथ स्तर तक मजबूती से काम करने का आह्वान किया।
श्री चौधरी ने कहा कि पंचायत चुनाव एक ऐसा अवसर है जब गांव में भाजपा की सरकार स्थापित करके अपने लिए विकास के रास्ते खोल सकते है। भाजपा सदैव जमीनी स्तर पर रहकर विकास के कार्य करती है।
श्रीमती दीयाकुमारी ने सभी कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुट जाने का आह्वान किया। सम्मेलन में अरांई और बोराडा मंडल के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित