कानपुर , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) ने 'वन नेशन, वन कार्ड' की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ मेट्रो में भी नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) गो-स्मार्ट कार्ड की सुविधा शुरू कर दी है।

इसके साथ ही कानपुर मेट्रो के यात्री अब एक ही कार्ड के माध्यम से कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो में निर्बाध यात्रा कर सकेंगे। प्रत्येक यात्रा पर एनसीएमसी कार्डधारकों को 10 प्रतिशत किराया छूट का लाभ भी मिलेगा। यूपीएमआरसी के जनसंपर्क विभाग ने शुक्रवार को बताया कि कानपुर मेट्रो में एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड की सुविधा चार अप्रैल 2023 को शुरू की गई थी, जबकि मई 2025 में इसे आगरा मेट्रो में लागू किया गया। अब लखनऊ मेट्रो के जुड़ने से यूपीएमआरसी द्वारा संचालित तीनों मेट्रो नेटवर्क में एक ही कार्ड से यात्रा संभव हो गई है। इसके अलावा यह कार्ड देश के सभी एनसीएमसी-सक्षम मेट्रो नेटवर्क, बस सेवाओं, पार्किंग और अन्य डिजिटल भुगतान सेवाओं में भी उपयोग किया जा सकेगा।

यूपीएमआरसी के अनुसार कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के शेष खंड कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवा शुरू होने से पहले यह सुविधा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। एनसीएमसी कार्ड पर मिलने वाली 10 प्रतिशत की छूट से मेट्रो यात्रा और अधिक किफायती होगी। उदाहरण के तौर पर आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक वर्तमान 40 रुपये के किराये पर कार्डधारकों को केवल 36 रुपये का भुगतान करना होगा।

निगम ने बताया कि कानपुर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यवसाय और अन्य कार्यों के लिए लखनऊ आते-जाते हैं। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध होने के बाद यात्री एक ही एनसीएमसी कार्ड से कानपुर और लखनऊ दोनों शहरों की मेट्रो सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। इससे टिकट खरीदने की अतिरिक्त प्रक्रिया समाप्त होगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

यूपीएमआरसी ने बताया कि एनसीएमसी कार्ड से यात्रियों को टिकट काउंटरों पर बार-बार कतार में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके माध्यम से क्यूआर टिकट खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड कानपुर मेट्रो के सभी स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर उपलब्ध है। कार्ड जारी कराने के लिए 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। वैध पहचान पत्र और मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के सत्यापन के बाद कार्ड तत्काल जारी किया जाता है।

कार्ड में न्यूनतम 100 रुपये और अधिकतम 2,000 रुपये तक टॉप-अप किया जा सकता है। इसे मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम), इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, यूपीआई, कानपुर मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप तथा यूपीएमआरसी की वेबसाइट के माध्यम से भी रिचार्ज किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित