जयपुर , फरवरी 15 -- भारतीय सेना की अमोघ डिवीजन ने सप्त शक्ति कमान के मुख्यालय के अधीन रविवार को पंजाब में अबोहर मिलिट्री स्टेशन में राजस्थान के श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिलों एवं पंजाब के फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब एवं फरीदकोट जिलों के पूर्व सैनिकों के लिए रैली एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार यह पूर्व सैनिक रैली पंजाब और राजस्थान के पांच जिलों के पूर्व सैनिकों के लिए आयोजित की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के तीन हजार से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं एवं उनके परिजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सप्त शक्ति कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, सप्त शक्ति आवा की क्षेत्रीय अध्यक्ष बरिंदर जीत कौर, लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क, जीओसी, चेतक कोर तथा गणमान्य लोग मौजूद थे। इसमें वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों एवं विभिन्न कल्याणकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर नागरिक प्रशासन द्वारा निरंतर सहयोग, समयबद्ध लाभ वितरण एवं पूर्व सैनिक कल्याण तंत्र के साथ सुव्यवस्थित समन्वय सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ एपीएस, अबोहर के विद्यार्थियों एवं सैन्य पाइप बैंड द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ, जिसमें सैनिक जीवन की भावना तथा राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया गया।
विभिन्न रिकॉर्ड कार्यालय, बैंक, पुलिस, एमएसएमई और सरकारी कल्याण एजेंसियाँ, जिनमें एडब्ल्यूपीओ, ईसीएचएस एवं ज़िला सैनिक बोर्ड द्वारा पूर्व सैनिकों की शिकायतों के निवारण, दस्तावेज़ अद्यतन, पेंशन से संबंधित प्रश्नों और रोजगार अवसरों में सहायता के लिए हेल्प डेस्क और स्टॉल स्थापित किए। मेडिकल कैंप में लोगों के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित