नारायणपुर , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने विकसित भारत, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत ऍट 2047 के संकल्प को विद्यार्थियों तक पहुंचाने और उनमें राष्ट्र निर्माण एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड ओरछा में प्रतियोगिता आयोजित की गई।

अबूझमाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए कार्यक्रम कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ओरछा और प्राथमिक शाला कुरूशनार में आयोजित किया गया। इसमें प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने नक्सलवाद, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, महिला सशक्तिकरण, नया कश्मीर और विकसित भारत ऍट 2047 जैसे विषयों को चित्रों और भाषणों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रस्तुतियों में शिक्षा, शांति, स्वच्छता, तकनीकी विकास और सुरक्षित समाज की अवधारणा को भी प्रमुखता से स्थान मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित