नारायणपुर , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के दूरस्थ अबूझमाड़ क्षेत्र में स्थित हितुल गांव में पहली बार प्रशासन की पहल से वाहन के जरिए राशन पहुंचाया गया है। इससे ग्रामीणों को अब राशन लेने के लिए 30 किलोमीटर दूर ओरछा तक पैदल जाने की मजबूरी से राहत मिल गई है।
जिला प्रशासन के विशेष अभियान के तहत ओरछा विकासखंड के अंतर्गत थुलथुली ग्राम पंचायत के आश्रित गांव हितुल में "चावल उत्सव" का आयोजन किया गया। इस दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गांव में ही खाद्यान्न का वितरण शुरू किया गया।
पहले ग्रामीणों को राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब ट्रैक्टर के माध्यम से खाद्य सामग्री गांव तक पहुंचाई जा रही है और स्थानीय स्तर पर ही वितरण सुनिश्चित किया गया है।
जिला खाद्य अधिकारी अलाउद्दीन खान के अनुसार, नई व्यवस्था से हितुल गांव के 271 राशन कार्डधारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इससे समय, श्रम और खर्च की बचत हो रही है और जीवन पहले की तुलना में आसान हुआ है।
जिला प्रशासन का कहना है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित