कोण्डागांव , जून 11 -- छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लंबे समय तक मुख्यधारा से कटे रहे अबूझमाड़ के पांच आदिवासी युवाओं ने पहली बार सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल और शहरी जीवन का अनुभव किया है।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 41वीं वाहिनी द्वारा आयोजित 14 दिवसीय निःशुल्क आवासीय साइकिल मरम्मत प्रशिक्षण कार्यक्रम ने इन युवाओं को कौशल विकास के साथ आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी है।

नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र से चयनित युवाओं को प्रशिक्षण के लिए कोण्डागांव लाया गया, जहां उन्हें साइकिल मरम्मत का व्यावहारिक प्रशिक्षण, आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विभिन्न स्थलों का भ्रमण भी कराया गया, जिससे वे पहली बार शहर की सुविधाओं और आधुनिक जीवनशैली से परिचित हुए।

नेलांगूर गांव के वंजाराम उसेंडी ने बताया कि नक्सल प्रभाव के कारण वे कभी अपने गांव से बाहर नहीं निकल पाए थे। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने पहली बार थिएटर में फिल्म देखी, नारियल का पेड़ देखा और स्विमिंग पूल में नहाने का अनुभव प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का नया और यादगार अनुभव रहा।

पदमकोट क्षेत्र के रैनु सोनू वड्डे ने बताया कि पहले उनके क्षेत्र में आवागमन की सुविधाएं बेहद सीमित थीं, लेकिन अब सड़क, सुरक्षा कैंप और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचने लगी हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें साइकिल मरम्मत का कौशल सीखने के साथ टूल किट, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री भी मिली है। अब वह गांव लौटकर साइकिल मरम्मत का कार्य शुरू कर स्वरोजगार स्थापित करना चाहते हैं।

प्रशिक्षण देने वाले राज साइकिल स्टोर के संचालक एवं प्रशिक्षक योगेश अरोरा ने कहा कि अबूझमाड़ के युवाओं ने प्रशिक्षण में विशेष रुचि दिखाई है। नियमित अभ्यास से वे कुशल साइकिल मैकेनिक बनकर अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं।

आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर राहुल यादव ने बताया कि माड़ क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से पांच युवाओं का चयन कर उन्हें 14 दिवसीय साइकिल मरम्मत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें तकनीकी ज्ञान के साथ विभिन्न आजीविका गतिविधियों और शहरी जीवन से भी परिचित कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित