नयी दिल्ली , मई 21 -- कुछ अफ्रीकी देशों में बदलती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए इस महीने के अंत में यहां होने वाले चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन को स्थगित कर दिया गया है।

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक संयुक्त वक्तव्य में कहा कि अफ्रीका के कुछ हिस्सों में बदलती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए भारत , अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के बीच व्यापक विचार विमर्श हुआ। इसके बाद यह निर्णय लिया गया कि 28 से 31 मई तक यहां होने वाले इस सम्मेलन को स्थगित कर बाद में किसी समय करना ही उचित रहेगा। शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों की नई तारीखें आपसी परामर्श से तय की जाएंगी और उचित समय पर उनकी जानकारी दी जाएगी।

दोनों पक्षों ने अफ्रीका के कुछ हिस्सों में बदलती स्वास्थ्य स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया और पूरे महाद्वीप में सार्वजनिक स्वास्थ्य की तैयारी तथा क्षमताओं को मजबूत करने में निरंतर सहयोग के महत्व को दोहराया। इसमें अफ्रीका की स्वायत्त स्वास्थ्य एजेन्सी (सीडीसी) और संबंधित राष्ट्रीय संस्थानों को सहायता देना भी शामिल है।

भारत ने अफ्रीका के लोगों और सरकारों के साथ अपनी एकजुटता दोहराई और अफ्रीका सीडीसी के नेतृत्व में बदलती स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के प्रयासों में योगदान देने की अपनी तत्परता व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित