धार , अगस्त 05 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में ग्राम देलमी स्थित एक फार्म हाउस से अफ्रीकन बोर नस्ल की बकरियों की चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो और बकरियां बरामद कर ली हैं। इसके साथ ही प्रकरण में अब तक कुल 10 चोरी गई बकरियां बरामद की जा चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 425/2026 की विवेचना के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में रिमांड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर दो अतिरिक्त अफ्रीकन बोर बकरियां बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर मौका मुआयना और तस्दीक भी कराई, जिससे मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा अंतरप्रांतीय गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और शेष चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए विवेचना की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच तथा थाना तिरला, नौगांव, गंधवानी और टांडा की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित